विंध्य स्टोरी समाचार स्थानीय लोगो का कहना है कि उद्योग के विरोधी नहीं हैं,लेकिन स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।
रामस्थान एवं आसपास के क्षेत्रों में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट हेतु प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण से अनेक किसान परिवार, भूमिहीन श्रमिक एवं स्थानीय नागरिक प्रभावित होंगे। उद्योग की स्थापना से क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर पैदा होने चाहिए, लेकिन यह विकास स्थानीय लोगों की जमीन, आजीविका और भविष्य की कीमत पर नहीं होना चाहिए।हमारी स्पष्ट मांग है कि कंपनी प्रबंधन एवं जिला प्रशासन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले प्रभावित परिवारों के अधिकारों को लिखित रूप में सुनिश्चित करें।
हमारी प्रमुख मांगें
1. प्रत्येक प्रभावित परिवार को रोजगार
भूमि अधिग्रहण से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार के सदस्यों को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुसार प्लांट में स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाए। केवल एक व्यक्ति को रोजगार देकर परिवार की जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।
2. भूमि का चार गुना मुआवजा
प्रभावित किसानों को उनकी अधिग्रहित भूमि का चार गुना मुआवजा दिया जाए, ताकि किसान अपनी जमीन खोने के बाद आर्थिक रूप से कमजोर न हों।
3. सात वर्ष की कृषि आय का अग्रिम भुगतान
जिन किसानों की कृषि भूमि अधिग्रहित की जा रही है, उन्हें सात वर्षों की संभावित कृषि आय के बराबर अतिरिक्त आर्थिक सहायता अग्रिम रूप से उपलब्ध कराई जाए।
4. स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता
प्लांट में निकलने वाली सभी योग्य नौकरियों में प्रभावित परिवारों एवं स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। रोजगार के नाम पर बाहरी लोगों को प्राथमिकता देना स्वीकार्य नहीं होगा।
5. शिक्षा की बेहतर व्यवस्था
प्रभावित क्षेत्र में कंपनी द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्कूल की स्थापना की जाए, जिससे स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
6. आधुनिक अस्पताल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं
क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल, एम्बुलेंस, विशेषज्ञ चिकित्सक और प्रभावित परिवारों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।
7. ठेकेदारी एवं व्यवसाय में स्थानीय लोगों का अधिकार
प्लांट से संबंधित निर्माण कार्य, परिवहन, सामग्री सप्लाई, सुरक्षा, खानपान एवं अन्य ठेकों में स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता दी जाए। स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से वंचित न किया जाए।
8. प्रदूषण पर सख्त नियंत्रण
प्लांट से निकलने वाले धूल, धुएं, दूषित पानी एवं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण हो। पर्यावरण की नियमित जांच हो और प्रभावित गांवों के स्वास्थ्य एवं जलस्रोतों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कंपनी उठाए।
9. क्षेत्र का समग्र विकास
रामस्थान एवं आसपास के प्रभावित गांवों में पक्की सड़कें, स्वच्छ पेयजल, बिजली, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
10. लिखित समझौता एवं जवाबदेही
कंपनी प्रबंधन एवं जिला प्रशासन हमारी सभी मांगों पर प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें और सहमति के बाद लिखित समझौता करें। केवल मौखिक आश्वासन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हमारा स्पष्ट संदेश
हम रामस्थान में उद्योग और विकास का स्वागत करते हैं, लेकिन विकास का लाभ सबसे पहले उस क्षेत्र के लोगों को मिलना चाहिए, जिनकी जमीन और आजीविका इस परियोजना से प्रभावित हो रही है।
जमीन हमारी, संसाधन हमारे, प्रभावित परिवार हमारे और विकास में अधिकार भी हमारा,हमारी मांग किसी एक व्यक्ति या परिवार के लिए नहीं, बल्कि रामस्थान एवं आसपास के समस्त प्रभावित किसानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के सम्मानजनक भविष्य के लिए है।जब तक प्रभावित परिवारों के उचित मुआवजे, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण सुरक्षा और स्थानीय भागीदारी की गारंटी लिखित रूप में सुनिश्चित नहीं होती, तब तक हमारी लोकतांत्रिक आवाज जारी रहेगी।



