विंध्य स्टोरी समाचार,नगर पालिक निगम सतना की IEC टीम द्वारा शहर के वार्ड क्रमांक 21 और 22 में व्यापक स्वच्छता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति चेतना जागृत करना, प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस प्रयास करना रहा।वार्ड क्रमांक 21 में टीम द्वारा स्रोत पर कचरा पृथक्करण की विस्तार से जानकारी दी गई, जिसमें गीले, सूखे, सैनिटरी और घरेलू खतरनाक कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन के उपयोग की समझ विकसित की गई। इसके साथ ही चार डस्टबिन प्रणाली की उपयोगिता, C&D (निर्माण एवं विध्वंस) कचरे के वैज्ञानिक निपटान की विधि, घर पर होम कंपोस्टिंग द्वारा जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध के नियमों से नागरिकों को अवगत कराया गया।वहीं वार्ड क्रमांक 22 में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके अलावा पार्कों में सफाई अभियान चलाया गया तथा प्लास्टिक प्रतिबंध पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम किए गए। घरेलू कंपोस्टिंग और स्रोत पर कचरा पृथक्करण जैसे विषयों को सरल भाषा में समझाकर नागरिकों को स्वच्छता की जिम्मेदारी से जोड़ा गया।इन सभी गतिविधियों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर की कल्पना तभी संभव है जब हर नागरिक जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाए। नगर निगम सतना की IEC टीम द्वारा यह प्रयास जन-जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।



