विंध्य स्टोरी समाचार,उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 8 मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। इन कार्यों को आगामी 2 वर्षों में पूर्ण करने के लिये योजनाबद्ध रूप से कार्य करें और नियमित मॉनिटरिंग करें। किसी भी प्रकार की समस्या को तुरंत संज्ञान में लायें ताकि उनका त्वरित निदान किया जा सके। प्रशासनिक उदासीनता से कार्य की प्रगति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों से संबंधित अनुसांगिक अस्पतालों के निर्माण और उन्नयन कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाये। ताकि एनएमसी (नेशनल मेडिकल काउंसिल) से अनुमोदन प्राप्त कर मेडिकल कॉलेजों का संचालन शीघ्र शुरू हो सके।
सिंहस्थ-2028 के पहले प्रारंभ हो मेडिकल कॉलेज उज्जैन
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सिंहस्थ 2028 के पूर्व उज्जैन मेडिकल कॉलेज का संचालन चालू हो इसके लिए निर्माण कार्य को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। यह कार्य एमपी बीडीसी द्वारा किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज राजगढ़, छतरपुर, दमोह,मंडला, सिंगरौली, श्योपुर और बुधनी के साथ-साथ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल छिंदवाड़ा कार्यों की प्रगति की उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गहन समीक्षा की। इनमें से 2 कार्य ब्रिज एंड रूफ, 3 बीडीसी और 3 पीआईयू द्वारा किए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने इन सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा मेडिकल कैंपस में पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत चिकित्सकीय स्टाफ के लिए बनाए जा रहे 32 आवासीय भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की और इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मैहर जिला चिकित्सालय और रीवा में 200 बेड के कैंसर यूनिट के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



